Chatra news : युवा शक्ति को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संसदीय परंपराओं से अवगत कराने के उद्देश्य से यूथ पार्लियामेंट 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चतरा कॉलेज में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संसद की कार्यवाही का जीवंत प्रस्तुतीकरण कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जागरूकता एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में माननीय जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर तिवारी, माय भारत के युवा अधिकारी अब्दुल फारूक, चतरा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार झा, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना की विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ. जॉनी रुफ़ीना तिर्की, चतरा महाविद्यालय शिक्षा शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष श्री नंदकिशोर, प्रोफेसर ग्लोरिया ग्रेस होरो, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. शोभा कुजूर तथा सहायक प्रोफेसर अतुल अनुराग तिर्की की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यूथ पार्लियामेंट युवाओं में नेतृत्व, तर्कशक्ति एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु जूरी सदस्यों के रूप में डॉ. जॉनी रुफिना तिर्की, डॉ. कृष्ण कुमार टिंकू (प्रभारी प्रधानाध्यापक, गंगा स्मारक प्लस टू हाई स्कूल, गिद्धौर), दीपक कुमार (सहायक शिक्षक, कम एक्सीलेंस चतरा), एडवोकेट प्रदीप (संस्थापक, शांतिनिकेतन मठ एंड मिशन स्कूल, चतरा) तथा गोपाल कुमार वर्मा (कोषाध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसाइटी चतरा) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने “आपातकालीन के 50 वर्ष, लोकतंत्र के लिए सीख” विषय पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए, जिससे सभागार देशभक्ति एवं उत्साह से सराबोर हो उठा। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, जूरी सदस्यों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को होस्ट एंकर बैद्यनाथ पासवान और अनिशा कुमारी ने मिलकर किया।



