रांची: गुरु नानक देव जी की जयंती और कार्तिक पूर्णिमा को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। दोनों पर्व 24 नवंबर 2026 को मनाए जाएंगे। इस दौरान राज्यभर में धार्मिक कार्यक्रम, शोभायात्रा, प्रभात फेरी और कीर्तन होंगे। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा पर नदी, तालाब और डैम में स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की विशेष शाखा ने सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है।
सभी जिलों के अधिकारियों को भेजा गया पत्र
विशेष शाखा ने राज्य के सभी उपायुक्तों, एसएसपी और एसपी को पत्र भेजकर दोनों पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। पुलिस को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व धार्मिक आयोजनों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए जिलों को अपने स्तर पर भी खुफिया जानकारी जुटाने और संवेदनशील स्थानों की पहचान करने को कहा गया है।
गुरुद्वारों और शोभायात्राओं में रहेगी विशेष सुरक्षा
गुरु नानक जयंती पर राज्य के विभिन्न गुरुद्वारों में प्रकाश उत्सव, पूजा-अर्चना, कीर्तन और प्रभात फेरी का आयोजन होगा। कई स्थानों पर शोभायात्रा और जुलूस भी निकाले जाएंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए गुरुद्वारों और शोभायात्रा के रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
स्नान घाटों पर होगी बैरिकेडिंग
कार्तिक पूर्णिमा पर नदियों, तालाबों और डैम में स्नान करने के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए भी पुलिस ने तैयारी करने को कहा है। सभी जिलों को प्रमुख स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग कराने और गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा घाटों पर रस्सी, इनफ्लेटेड ट्यूब और प्रशिक्षित बचाव दल की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की मदद की जा सके।
पिछले पांच वर्षों की घटनाओं की मांगी रिपोर्ट
विशेष शाखा ने जिलों से वर्ष 2021 से 2025 के बीच गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान हुई घटनाओं और विवादों की जानकारी मांगी है। इसके आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। संदिग्ध असामाजिक तत्वों की सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और संदेश फैलाने वालों पर नजर रखने को कहा है। विशेष शाखा ने ऐसे व्हाट्सऐप ग्रुप, फेसबुक अकाउंट और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जानकारी मांगी है, जिनके जरिए किसी समुदाय या धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक संदेश फैलाए जा सकते हैं। संबंधित ग्रुप के एडमिन की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
वीआईपी कार्यक्रमों की जानकारी भी देनी होगी
सभी जिलों को दोनों पर्वों के दौरान होने वाले प्रमुख धार्मिक कार्यक्रमों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही किसी वीआईपी या महत्वपूर्ण व्यक्ति के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना की जानकारी भी मांगी गई है, ताकि जरूरत के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था की जा सके।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि दोनों पर्वों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी जिलों को लगातार निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।




