रांची: राजधानी रांची के जैप-1 ग्राउंड, बरियातू में शुक्रवार को पुलिस पदाधिकारियों और जवानों का फायरिंग अभ्यास कराया गया। इसमें टाइगर मोबाइल के जवानों के साथ विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।
सुरक्षा नियमों के साथ हुई ट्रेनिंग
फायरिंग अभ्यास के दौरान सभी सुरक्षा नियमों और तय प्रक्रियाओं का पालन किया गया। जवानों को हथियारों के सुरक्षित इस्तेमाल, निशाने पर सटीक फायरिंग और आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करने का अभ्यास कराया गया।
इस ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों की फायरिंग क्षमता और हथियार संचालन कौशल को बेहतर करना है। इसके साथ ही अनुशासन, आत्मविश्वास और ड्यूटी के दौरान तुरंत कार्रवाई करने की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
चुनौतीपूर्ण हालात के लिए तैयारी
पुलिस के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण से कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के दौरान पुलिस की कार्रवाई को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। डीएसपी सिटी केवी रमण ने बताया कि एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिसकर्मियों के नियमित प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमित फायरिंग अभ्यास से जवानों की कार्यकुशलता बढ़ेगी और वे किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में बेहतर तरीके से कार्रवाई कर सकेंगे।




