Gamharia news: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में भारतीय सेना के एक जवान के साथ कथित मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित जवान ने थाना में लिखित शिकायत देकर तीन युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना में कार्यरत जवान संतोष राय ने गम्हरिया थाना को दिए आवेदन में बताया है कि 11 जून 2026 की दोपहर वह किसी निजी कार्य से गम्हरिया बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बोलायडीह रोड नंबर-10 स्थित एक दुकान के पास उनकी मुलाकात अभिषेक उर्फ गांधी, दीपक और विशेष नामक युवकों से हुई।

जवान का आरोप है कि तीनों युवकों ने उनसे आर्मी कैंटीन से शराब उपलब्ध कराने की मांग की। जब उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया तो आरोपी भड़क गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। संतोष राय के अनुसार, मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे लगभग 12 हजार रुपये भी छीन लिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि अभिषेक उर्फ गांधी ने कथित तौर पर अपने पास मौजूद कट्टा के बट से उनके सिर और पैर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद वह बेहोश हो गए थे। होश में आने के बाद उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

पीड़ित जवान ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ लूट, छिनतई, मारपीट और जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।

गम्हरिया थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version