PATNA: राजधानी पटना से सटे बिहटा थाना क्षेत्र के परेव इलाके में रविवार सुबह सोन नदी के बीच पुलिस और बेखौफ अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई कई राउंड अंधाधुंध फायरिंग में एक कुख्यात अपराधी के पैर में गोली लग गई। वहीं अपराधियों की ओर से चलाई गई गोली लगने से बिहटा थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) राजू कुमार सिंह घायल हो गए, जबकि बिहटा थाना प्रभारी (SHO) अमित कुमार के सिर में भी गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नाविकों से रंगदारी वसूलने की मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि सोन नदी में कुछ अपराधी नावों के जरिए स्थानीय नाविकों से जबरन रंगदारी और गुंडा टैक्स वसूल रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम अपराधियों को रंगे हाथ दबोचने के लिए परेव क्षेत्र में पहुंची। पुलिस बल को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की।
टॉप-10 में शामिल अवनीश कुमार के पैर में लगी गोली
काफी देर तक चली मुठभेड़ के दौरान पुलिस की एक गोली अपराधी के पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घायल अपराधी की पहचान अवनीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अवनीश जिले के टॉप-10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल है और वह पूर्व में AK-47 से जुड़े एक बड़े संगीन मामले में भी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
दारोगा की बांह को छूकर निकली गोली
मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की एक गोली सब-इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह की बांह को छूते हुए निकल गई, जिससे वे जख्मी हो गए। इसके साथ ही हाथापाई और कार्रवाई के दौरान बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के सिर में चोट आई। दोनों पुलिसकर्मियों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पिस्टल, हथियार और नाव जब्त
मुठभेड़ खत्म होने के बाद पुलिस ने सोन नदी के दियारा इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक नाव को जब्त किया है।
अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना पश्चिमी के सिटी एसपी संकेत कुमार और डीएसपी अमरेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौके पर मौजूद जवानों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद सोन नदी और आसपास के दियारा क्षेत्रों में पुलिस गश्त और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस फरार अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।





