धनबाद: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो और अन्य आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी है। इसे लेकर एसोसिएशन ने धनबाद के एसएसपी को 29 अगस्त को पत्र भेजा है।
पत्र में एसोसिएशन ने बताया कि विधायक जयराम महतो और अन्य लोगों के खिलाफ 22 अगस्त को बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। यह मामला कांड संख्या 146/26 के तहत दर्ज है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) का उल्लेख किया गया है।
एसोसिएशन ने प्राथमिकी में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जल्द पूरी करने की मांग की है। साथ ही एसएसपी से अब तक हुई कार्रवाई की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की बैठक 1 सितंबर को प्रस्तावित है। एसोसिएशन का कहना है कि बैठक में यदि मामले में कार्रवाई नहीं होने की जानकारी सामने आती है, तो आंदोलन की रणनीति पर फैसला लिया जा सकता है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में राज्य की सभी शाखाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
एसोसिएशन ने धनबाद एसएसपी से 24 घंटे के भीतर विधायक जयराम महतो और अन्य आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की है।




