Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के दौरान मिमिक्री कलाकार पुलकित मणि ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोलने के अंदाज, विदेशी नेताओं से मुलाकातों और उनकी कार्यशैली की नकल उतारी। इस प्रस्तुति का वीडियो कांग्रेस के आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से भी साझा किया गया, जिसके बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर मर्यादा लांघने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है।
Read more: इंदौर में छात्रों से संवाद: ‘हम सिस्टम से हार गए’ सुनकर क्या बोले राहुल गांधी?
बुजुर्ग महिला और दिवंगत मां के संदर्भ पर आपत्ति
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि मिमिक्री एक्ट के दौरान एक बुजुर्ग महिला को लेकर अनुचित टिप्पणी की गई, जिस पर मंच पर मौजूद राहुल गांधी हंसते नजर आए। भाजपा नेता सीआर केसवन ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि एक बुजुर्ग महिला का इस तरह उपहास उड़ाना और उस पर हंसना बेहद निंदनीय है। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आरोप लगाया कि मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर भी आपत्तिजनक संदर्भ दिया गया, जो राजनीतिक विमर्श के गिरते स्तर को दर्शाता है।
‘हग डिप्लोमेसी’ पर कटाक्ष, छात्र मुद्दों से भटका ध्यान
प्रस्तुति के दौरान कलाकार ने प्रधानमंत्री की विदेशी नेताओं से मुलाकातों और ‘हग डिप्लोमेसी’ पर भी हास्य टिप्पणियां कीं। हालांकि इंदौर का यह कार्यक्रम मूल रूप से छात्रों और युवाओं के साथ संवाद के लिए रखा गया था, जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था की खामियों पर चर्चा होनी थी। लेकिन कार्यक्रम के बाद सामने आए मिमिक्री के वीडियो और उस पर भाजपा की तीखी प्रतिक्रियाओं ने पूरे विमर्श को एक नए सियासी विवाद में तब्दील कर दिया है।
Read more: “शादी का प्रपोजल तो हम भी दे दें!” राहुल गांधी के कार्यक्रम में दिल्ली की युवती का बड़ा बयान



