डेहरी आन सोन : रोहतास जिले के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में रविवार को सीबीएसई राष्ट्रीय बालिका वर्ग बास्केटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। राज्य की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस मौके पर श्रेयसी सिंह ने कहा कि एक अच्छा खिलाड़ी वही होता है, जो लक्ष्य हासिल होने तक लगातार मेहनत करता रहे। उन्होंने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन इससे घबराना नहीं चाहिए। बिहार में इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन गर्व की बात है।
पूर्व सांसद और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि देश के साथ-साथ चार अन्य देशों के खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेजबानी करना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है।
विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का भरोसा दिया। नवीनगर विधायक चेतन आनंद ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम में डीएम दीपक कुमार मिश्रा, एसपी राज और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के गायन से हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह ने अतिथियों, सीबीएसई अधिकारियों, खिलाड़ियों और आयोजन समिति के सदस्यों का स्वागत किया।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में देशभर की 65 से अधिक टीमें और 700 से ज्यादा बालिका खिलाड़ी शामिल हो रही हैं। इसके अलावा कतर, ओमान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात से भी आठ टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले सोमवार सुबह से शुरू होंगे।



