Patna: पितृपक्ष मेला-2026 में गयाजी आने वाले देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने आस्था और सुविधा को जोड़ते हुए पिंडदान के विभिन्न आकर्षक पैकेज तैयार किए हैं। इनमें घर से घर तक पिकअप-ड्रॉप की यात्रा, पिंडदान, पूजा सामग्री, आवास और भोजन की एकीकृत सुविधाएं शामिल हैं। इन पैकेजों के माध्यम से 25 सितंबर से 10 अक्तूबर तक श्रद्धालुओं को निर्धारित धार्मिक स्थलों पर विधि-विधान से पिंडदान कराने के बाद वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की गई है।
विभिन्न पिंडदान पैकेजों का विवरण
श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार सेडान या हैचबैक कार से यात्रा की व्यवस्था की गई है। पर्यटन निगम द्वारा निम्नलिखित पैकेज तैयार किए गए हैं:
पैकेज-ए (पटना–पुनपुन घाट–गयाजी–पटना): यह एक-दिवसीय पिंडदान पैकेज है, जिसकी दर होटल श्रेणी और यात्रियों की संख्या (एक से चार) के अनुसार 14,550 रुपये से 30,650 रुपये तक है।
पैकेज-बी (पटना–पुनपुन घाट–गयाजी–नालंदा–राजगीर–पटना): यह एक रात्रि-दो दिन का पैकेज है। एक व्यक्ति के लिए इसका शुल्क 18,850 रुपये और चार व्यक्तियों के लिए 40,700 रुपये रखा गया है, जिसमें राजगीर और नालंदा के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी शामिल है।
पैकेज-सी (गयाजी एक-दिवसीय पिंडदान पैकेज): इस एक-दिवसीय पैकेज की दर होटल श्रेणी और यात्रियों की क्षमता के आधार पर 11,250 रुपये से 25,250 रुपये तक है।
पैकेज-डी (गयाजी एक रात्रि-दो दिवसीय पिंडदान पैकेज): यह विशेष रूप से देर रात, सुबह या संध्या समय पिंडदान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए है। इसकी दर एक व्यक्ति के लिए 16,000 रुपये और चार व्यक्तियों के लिए 39,500 रुपये निर्धारित है।
पैकेज-ई (गयाजी–राजगीर–नालंदा एक रात्रि-दो दिवसीय पैकेज): यह पिंडदान एवं पर्यटन का मिला-जुला पैकेज है, जिसकी दर 16,550 रुपये से शुरू होकर 32,850 रुपये प्रति व्यक्ति तक है।
ई-पिंडदान और बुकिंग की सुविधा
दूरदराज के श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन निगम ने 23,000 रुपये का विशेष ई-पिंडदान पैकेज भी तैयार किया है। इस अनुष्ठान की संपूर्ण वीडियो रिकॉर्डिंग कर पेन ड्राइव पंडा द्वारा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे श्रद्धालु डिजिटल स्मृति अपने साथ ले जा सकें। निगम के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 से 2025 के बीच कुल 180 श्रद्धालुओं ने इन पैकेजों का लाभ उठाया है। श्रद्धालु ई-पिंडदान की ऑनलाइन बुकिंग bookingtourism.bihar.gov.in के माध्यम से कर सकते हैं, जबकि ऑफलाइन बुकिंग के लिए बुकिंग क्लर्क नागेंद्र कुमार रजक से 8544418408 या 8294307690 पर संपर्क किया जा सकता है।



