Chaibasa News: शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिले में लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इस प्रक्रिया के माध्यम से जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त निजी विद्यालयों में प्रवेश कक्षा के लिए 79 बच्चों का चयन किया गया है।

पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में आरटीई के तहत अभिवंचित वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और बीपीएल परिवारों के बच्चों के निःशुल्क नामांकन के लिए ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। इसके बाद आरटीई पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई।

जिले के मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत प्रवेश कक्षा की कुल 135 आरक्षित सीटों के लिए 235 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की जांच और सत्यापन के बाद पात्र पाए गए आवेदनों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया गया। लॉटरी के माध्यम से कुल 79 बच्चों का चयन नामांकन के लिए किया गया।

चयनित बच्चों की विद्यालयवार सूची तैयार कर संबंधित विद्यालयों को उपलब्ध करा दी गई है। सभी विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे चयनित बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावकों को सूचना दें और आवश्यक प्रमाण-पत्रों व दस्तावेजों की जांच पूरी करें। दस्तावेज सत्यापन के बाद पांच दिनों के भीतर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम का उद्देश्य वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया समय सीमा के अंदर पूरी की जाए और किसी भी पात्र बच्चे को योजना के लाभ से वंचित न किया जाए।

नामांकन से संबंधित विस्तृत जानकारी और विद्यालयवार चयनित बच्चों की सूची पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। अभिभावक जिला प्रशासन की वेबसाइट https://chaibasa.nic.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Share.
Exit mobile version