Supaul, (Bihar): बिहार की राजनीति के कद्दावर नेता और निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के त्रिवेणीगंज पहुंचने पर मंगलवार को समर्थकों का सैलाब उमड़ पड़ा। बाजार क्षेत्र में सांसद का काफिला पहुंचते ही माहौल नारों से गूंज उठा। स्वागत का नजारा बेहद खास था, जहां समर्थकों ने जेसीबी मशीनों की मदद से पप्पू यादव पर फूलों की जोरदार बारिश की। इस भव्य स्वागत के बीच सांसद सीधे रहटा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध हत्या के मामले में शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की।

पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा

सांसद ने पीड़ित परिजनों की पीड़ा सुनी और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों को अब तक गिरफ्तार न करना पुलिस की मिलीभगत या लापरवाही को दर्शाता है। पप्पू यादव ने मौके से ही पुलिस के आला अधिकारियों को फोन कर स्पष्ट चेतावनी दी कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “केवल आश्वासनों से बेटियों को न्याय नहीं मिलेगा, प्रशासन को सख्त कार्रवाई कर अपराधियों में खौफ पैदा करना होगा।”

सुरक्षा कटौती पर उठाए गंभीर सवाल

मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने अपनी सुरक्षा में की गई कटौती को लेकर गृह मंत्री और डीजीपी को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि उन्हें ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, फिर किस आधार पर बीएमपी जवानों को हटाने का मौखिक आदेश दिया गया? उन्होंने सवाल पूछा कि क्या सरकार उन्हें डराने की कोशिश कर रही है? उन्होंने दो टूक कहा, “चाहे सुरक्षा हटा ली जाए या जान लेने की कोशिश की जाए, मैं जनता की आवाज उठाना बंद नहीं करूंगा।”

सरकार पर बोला तीखा हमला

सांसद ने बिहार में बढ़ते अपराध, जमीन विवाद और दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज राज्य में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। सरकार और प्रशासन का इकबाल खत्म होता जा रहा है। पप्पू यादव के इन कड़े तेवरों और प्रशासन पर उठाए गए सवालों के बाद सुपौल की स्थानीय राजनीति में भारी हलचल देखी जा रही है।

Read more: पप्पू यादव को बड़ी राहत: 31 साल पुराने केस में मिली जमानत, पर जेल में रहेंगे!

Share.
Exit mobile version