Islamabad, Pakistsan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती हमले में 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, इस हमले में 22 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
Read more: पाकिस्तान में 80 फीट गहरी खाई में गिरी बस; 40 यात्रियों की मौत, मचा कोहराम
पुलिस स्टेशन के गेट पर हुआ धमाका
स्वात के जिला पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना के समय पास स्थित काबल चौक पर आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली चल रही थी। इसी दौरान एक युवक काबल पुलिस स्टेशन के गेट पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका और कुछ ही क्षण बाद उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।
किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी भी संगठन ने नहीं ली है। घटना के बाद पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के पीछे शामिल लोगों की पहचान और अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं।
शांति रैली के दौरान हुआ हमला
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, धमाके से पहले बड़ी संख्या में लोग आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली में शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने स्वात में बढ़ रही आतंकवादी घटनाओं पर चिंता जताते हुए इलाके में शांति बहाल करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन शांतिपूर्ण नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करता है, जबकि पहाड़ी इलाकों में आतंकवादी सक्रिय हैं।
Read more: पाकिस्तान में फ्रांसीसी महिला को 10 साल तक बनाया बंधक, बेटे ने भागकर खोला राज
राष्ट्रपति ने दिए जांच के निर्देश
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने धमाके में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घटना की विस्तृत जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




