जमशेदपुर: पश्चिमी ओडिशा का प्रमुख कृषि पर्व नुआखाई जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर शहर के बाजारों में भी काफी चहल-पहल देखने को मिली।
सोमवार को पर्व की तैयारी के लिए लोगों ने नए कपड़े, पूजा सामग्री और पकवानों की खरीदारी की। बिष्टुपुर, साकची, जुगसलाई, गोलमुरी और परसुडीह के बाजारों में लोगों की भीड़ रही।
नए अन्न की होगी पूजा
नुआखाई के दिन परिवार में नए धान यानी नवान्न को मां समलेश्वरी और कुलदेवियों को अर्पित किया जाएगा। पूजा के बाद परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर नए अन्न का सेवन करेंगे।
उलीडीह, बारीडीह, सोनारी, बागबेड़ा और परसुडीह के अलावा आदित्यपुर, गम्हरिया और घाटशिला में भी पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
भेटघाट से मजबूत होंगे रिश्ते
नुआखाई के बाद ‘नुआंखाई भेटघाट’ की परंपरा निभाई जाएगी। इस दौरान छोटे लोग बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेंगे। शाम को कई जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिसमें संबलपुरी लोकगीत और पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
नुआखाई नई फसल के स्वागत के साथ-साथ परिवार और समाज में आपसी प्रेम बढ़ाने और पुराने गिले-शिकवे दूर करने का भी पर्व है।



