कोडरमा: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में वर्ष 2024 में हुए सिलसिलेवार विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कोलकाता इकाई ने गुरुवार को झारखंड के कोडरमा जिले में बड़ी कार्रवाई की। एनआईए की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से नवलशाही और डोमचांच थाना क्षेत्र स्थित कई विस्फोटक मैगजीनों (भंडारण केंद्रों) में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान एजेंसी ने विस्फोटक आपूर्ति और भंडारण से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला और कई संदिग्ध फाइलों को जब्त कर लिया।
जांच के दौरान बांकुड़ा ब्लास्ट में इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों का कनेक्शन कोडरमा से जुड़ने के ठोस संकेत मिले थे। इसी आधार पर एनआईए ने कार्रवाई करते हुए लोकाई निवासी शंकर यादव और डोमचांच के नावाडीह निवासी महेश कुमार मेहता को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, मुख्य संदिग्ध शंकर यादव से मिली गुप्त जानकारी के बाद ही अधिकारियों ने जिले के विभिन्न मैगजीन सेंटरों पर छापेमारी का दायरा बढ़ाया।
एनआईए के वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल विस्फोटकों के स्टॉक रजिस्टर, आपूर्ति शृंखला (सप्लाई चेन) और इनके वितरण लाइसेंस से जुड़े कागजातों का गहराई से सत्यापन कर रहे हैं। जांच एजेंसी इस बिंदु पर भी प्रमुखता से जांच कर रही है कि क्या इन व्यावसायिक मैगजीनों से गैर-कानूनी तरीके से विस्फोटक निकालकर अवैध खनन गतिविधियों या अन्य असामाजिक तत्वों को सप्लाई तो नहीं किए जा रहे थे।
मामले की पुष्टि करते हुए कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि कोलकाता एनआईए की टीम बांकुड़ा मामले से जुड़े तार टटोलने कोडरमा आई है। जिला पुलिस केंद्रीय एजेंसी को पूरी सुरक्षा और लॉजिस्टिक सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि जांच अभियान पूरा होने और रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही मामले में औपचारिक विवरण साझा किया जाएगा।




