रांची: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से 13 सितंबर, रविवार को NDA, NA और CDS परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। रांची में इसके लिए 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली है।
परीक्षा केंद्रों पर पुलिस अधिकारी, जवान और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा
परीक्षा को कदाचार मुक्त कराने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की है। यह आदेश 13 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक लागू रहेगा।
इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और ऐसी गतिविधियों पर रोक रहेगी, जिससे परीक्षा में किसी तरह की बाधा उत्पन्न हो सकती है।
रांची के इन इलाकों में केंद्र
परीक्षा केंद्र बरियातू, पुरुलिया रोड, मेन रोड, बहुबाजार, डोरंडा, कांके, गांधी नगर और धुर्वा सहित कई इलाकों में बनाए गए हैं।
इनमें सेंट्रल एकेडमी बरियातू, संत अलोइस हाई स्कूल, संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय, उर्सुलाईन इंटर कॉलेज, संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज, गोस्सनर हाई स्कूल, फिरायालाल पब्लिक स्कूल, संत पॉल कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, डीएवी पब्लिक स्कूल गांधी नगर, निर्मला कॉलेज, जेएमजे हाई स्कूल, अनिता गर्ल्स हाई स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, राजकीय +2 हाई स्कूल कांके और विवेकानंद विद्या मंदिर धुर्वा शामिल हैं।
प्रशासन ने परीक्षार्थियों से निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने और परीक्षा के सभी नियमों का पालन करने की अपील की है।



