बोकारो, 26 अगस्त। बोकारो सेक्टर-4 स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित 2nd NTPC राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और सेवानिवृत्त न्यायाधीश एसके अग्निहोत्री भी मौजूद रहे।
समारोह में आयोजकों ने सुदेश महतो का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और देशभर से आए तीरंदाजों का हौसला बढ़ाया।
खेल युवाओं के सपनों को देता है उड़ान
सुदेश महतो ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का माध्यम है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए खिलाड़ियों ने बोकारो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, यह गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका देते हैं। झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है।
सुदेश महतो ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




