पटना: आगामी 21 नवंबर को वैशाली जिले के हाजीपुर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर बिहार की सियासत और आम लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को दावा किया कि हाजीपुर में प्रधानमंत्री की यह जनसभा पूरी तरह से ऐतिहासिक होगी। प्रदेश जदयू कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने वैशाली सहित पूरे बिहार के लोगों से इस भव्य कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
‘नीतीश सेतु’ नामकरण बिहारवासियों के दिल को छूने वाला फैसला
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन महासेतु का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ किए जाने के फैसले का दिल खोलकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह निर्णय हर बिहारवासी के दिल को छूने वाला और उन्हें सम्मान देने वाला है। यह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति सच्चे आदर और बिहार के नवनिर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान का सम्मान है।
विजय चौधरी ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि नीतीश कुमार ने न केवल इस महत्वाकांक्षी पुल की आधारशिला रखी थी, बल्कि इसके निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा भी करते थे। वे स्वयं कई बार नीतीश कुमार के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण करने गए थे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
महापुरुषों के नाम वाले सेतुओं की कड़ी में जुड़ा ‘नीतीश सेतु’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे में नीतीश कुमार ने जो दूरगामी बदलाव किए हैं, उन्हें प्रदेश के इतिहास में सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले प्रमुख पुलों का नामकरण हमेशा महापुरुषों के नाम पर किया गया है। इस गौरवशाली कड़ी में जेपी सेतु, महात्मा गांधी सेतु और राजेंद्र सेतु के बाद अब ‘नीतीश सेतु’ का जुड़ना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
विकास की नई गाथा लिखेगा पीएम मोदी का हाजीपुर दौरा
विजय चौधरी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर आर्थिक और सामरिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। ठीक उसी तरह बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यक्रमों को आधार बनाकर राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री का हाजीपुर दौरा बिहार के विकास के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा। इस दिन प्रधानमंत्री राज्य को कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर सौगात देंगे। विशेष रूप से कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा, जिससे व्यापार और संपर्क सुविधाओं को नया आयाम मिलेगा।





