फॉण्ट कनवर्टर NEW

15 नवंबर से मुंगेर-मिर्जा चौकी फोरलेन पर फर्राटा भरेंगे वाहन! 87% काम खत्म

मुंगेर से खड़िया गांव तक ₹845 करोड़ की लागत से बन रहे 22.56 किलोमीटर लंबे मुंगेर-मिर्जा चौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन का 87 फीसदी काम पूरा हो चुका है, जिस पर 15 नवंबर 2026 से गाड़ियां दौड़ेंगी।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: राज्य में बेहतर सड़क नेटवर्क और त्वरित कनेक्टिविटी की दिशा में पथ निर्माण विभाग (RCD) ने एक बड़ा मील का पत्थर पार कर लिया है। कई जटिल भौगोलिक चुनौतियों, जमीन विवादों और बाढ़ की रुकावटों को पार करते हुए मुंगेर-मिर्जा चौकी (पैकेज-01) ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। जानकी नगर (मुंगेर) से खड़िया गांव तक 845.27 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस 22.56 किलोमीटर लंबी सड़क का 87.14 फीसदी (लगभग 21 किमी) निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, आगामी 15 नवंबर 2026 से इस पूरे फोरलेन मार्ग को आम जनता और व्यावसायिक वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।

बाढ़ और मिट्टी संकट को पछाड़कर एनटीपीसी पॉन्ड ऐश से बना तटबंध

पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि इस पैकेज का निर्माण कार्य पूरा करना इंजीनियरिंग और प्रशासनिक टीम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। गंगा नदी के बेहद करीब होने के कारण यह क्षेत्र साल के तीन से चार महीने भीषण बाढ़ और जलभराव की चपेट में रहता था, जिससे तटबंध बनाने के लिए सामान्य मिट्टी मिल पाना असंभव हो गया था। इस समस्या से पार पाने के लिए विभाग ने एनटीपीसी (NTPC) से पॉन्ड ऐश (राख) की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित कराई और मजबूत तटबंध का निर्माण पूरा किया। इसके अलावा, शुरुआत में 9.5 किलोमीटर लंबे हिस्से में भू-स्वामियों के मुआवजे का पेच फंसा था, जिसे 22 सितंबर 2023 के प्रशासनिक निर्णय और जिला प्रशासन की मदद से सुलझाकर जमीन अधिग्रहण पूरा किया गया।

अंतिम चरण में आरओबी पहुंच मार्ग और अंडरपास का निर्माण

सचिव के अनुसार, मुख्य कैरिजवे का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह बनकर तैयार है। वर्तमान में केवल रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के एप्रोच रोड, अंडरपास कनेक्टिविटी और कुछ गिने-चुने हिस्सों में कंक्रीट बिछाने का अंतिम काम चल रहा है। निर्माण एजेंसी को तय समय-सीमा यानी 15 नवंबर से पहले हर हाल में यह काम समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा जांच के तुरंत बाद वाहनों की आवाजाही शुरू कराई जा सके।

भागलपुर, बांका और झारखंड के साहिबगंज तक सफर होगा सुगम

इस ग्रीनफील्ड फोरलेन के चालू होने से मुंगेर और आसपास के इलाकों को वर्षों पुराने संकरे रास्तों और भीषण जाम से स्थाई मुक्ति मिल जाएगी। मुंगेर से भागलपुर, बांका और झारखंड सीमा (मिर्जा चौकी/साहिबगंज) तक का सफर निर्बाध और कम समय में पूरा होगा। इस अंतर्राज्यीय मार्ग से माल ढुलाई सस्ती होगी और स्थानीय कृषि उत्पादों तथा खनिजों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। साथ ही मुंगेर और लखीसराय के मरीजों के लिए भागलपुर के बड़े अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों तक पहुंचना तेज और सुरक्षित हो जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram