Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को उस वक्त हलचल बढ़ गई जब टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और ‘कैप्टन कूल’ महेंद्र सिंह धोनी अचानक सीएम हाउस पहुंचे। धोनी ने यहाँ सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग की तस्वीरें खुद सीएम ने सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसके बाद से ही प्रदेश के राजनीतिक और खेल गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

मुलाकात में कल्पना सोरेन भी रहीं मौजूद

खास बात यह रही कि इस मुलाकात के दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। धोनी ने सीएम के साथ-साथ कल्पना सोरेन से भी काफी देर तक बातचीत की। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस मुलाकात की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि धोनी नए साल के अवसर पर सीएम को शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। सीएम हाउस से जारी तस्वीरों में तीनों दिग्गजों के बीच काफी सहज और आत्मीय बातचीत होती दिख रही है।

वजह गुप्त, लेकिन अटकलें तमाम

भले ही इसे एक औपचारिक ‘शिष्टाचार मुलाकात’ बताया जा रहा है, लेकिन धोनी और सोरेन परिवार की नजदीकियों के चलते इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। कुछ लोग इसे खेल विकास से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ सोशल मीडिया पर इसे भविष्य की किसी बड़ी योजना का संकेत मान रहे हैं। फिलहाल, धोनी या सीएम कार्यालय की ओर से किसी भी तरह की औपचारिक चर्चा या प्रोजेक्ट की पुष्टि नहीं की गई है।

इस खबर को भी पढ़ें : रांची की सड़कों पर ‘कैप्टन कूल’ का नया अंदाज़, धोनी की नई कार ने मचाया धमाल

झारखंड के इन दो ‘पावर सेंटर्स’ की मुलाकात ने रांची के लोगों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है। धोनी अक्सर रांची में अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं और सीएम के साथ उनकी यह ताजा तस्वीर अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है।

Share.
Exit mobile version