फॉण्ट कनवर्टर NEW

घाटशिला कॉलेज में उपायुक्त का प्रेरक संवाद, छात्रों में बढ़ा आत्मविश्वास

Jamshedpur news : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला कॉलेज में सोमवार को आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने विद्यार्थियों के साथ “भविष्य की चुनौतियां और सफलता” विषय पर विस्तार से चर्चा की। यह कार्यक्रम कॉलेज प्रबंधन द्वारा “जाने अपने जिला

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला कॉलेज में सोमवार को आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने विद्यार्थियों के साथ “भविष्य की चुनौतियां और सफलता” विषय पर विस्तार से चर्चा की। यह कार्यक्रम कॉलेज प्रबंधन द्वारा “जाने अपने जिला प्रशासक” पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति की पृष्ठभूमि—चाहे वह ग्रामीण क्षेत्र से हो, मध्यमवर्गीय परिवार से या सीमित संसाधनों वाला—उसकी सफलता में बाधा नहीं बनती। उन्होंने जोर देकर कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति, ईमानदारी और निरंतर परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे हमेशा सकारात्मक सोच बनाए रखें, अपनी रुचि के अनुसार स्पष्ट लक्ष्य तय करें और उसे पाने के लिए लगातार प्रयासरत रहें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों को समस्या नहीं, बल्कि अवसर के रूप में देखना चाहिए। उपायुक्त ने विद्यार्थियों से परिवार, समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए एक सजग नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी खुलकर अपने सवाल और विचार साझा किए, जिनका उपायुक्त ने अपने अनुभवों के आधार पर संतुलित और प्रेरणादायक उत्तर दिया। इस संवाद से विद्यार्थियों को न केवल दिशा मिली, बल्कि उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ा।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी श्री सुनील चन्द्र, प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती युनिका शर्मा, विद्युत प्रमंडल घाटशिला के कार्यपालक अभियंता, जिला परिषद सदस्य समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कॉलेज प्रबंधन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त का आभार व्यक्त किया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram