प्रधानमंत्री मातृ-शिशु योजना के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी में बुधवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में स्वास्थ्य जांच कराई गई। शिविर का संचालन डॉक्टर लक्ष्मी कुमारी के नेतृत्व में किया गया, जहां गर्भवती महिलाओं की सामान्य स्वास्थ्य स्थिति, पोषण स्तर तथा गर्भावस्था से संबंधित आवश्यक चिकित्सीय जांचें की गईं। इस दौरान महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अलबेल केरकेट्टा ने बताया कि शिविर में कुल एक सौ दो गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इनमें इकतीस महिलाओं को हाई रिस्क श्रेणी में चिन्हित किया गया, जिन्हें विशेष देखभाल और चिकित्सीय परामर्श की आवश्यकता है। चिन्हित सभी महिलाओं को आगामी माह के अंतिम बुधवार को पुनः जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा सके और किसी भी संभावित जटिलता को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी सक्रिय मॉनिटरिंग की गई। इस दौरान जिला कार्यक्रम सहायक बीना माधुरी कुजूर ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डुमरी से शिवम केशरी की रिपोट



