Lifestyle Desk: भागदौड़ भरी जिंदगी और घर के कामकाज के बीच फ्रिज, वाशिंग मशीन, ओवन और मिक्सी जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हमारी जरूरत बन चुके हैं। इनसे काम बेहद आसान और जल्दी हो जाता है। अक्सर व्यस्तता का बहाना बनाकर लोग इन उपकरणों की साफ-सफाई को टाल देते हैं, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इन उपकरणों में फंगस और खतरनाक रोगाणु तेजी से पनपते हैं, जिससे पेट दर्द, फूड प्वाइजनिंग और त्वचा के संक्रमण (स्किन इन्फेक्शन) जैसी बीमारियां पूरे परिवार को घेर सकती हैं।
Read more: नहाना सिर्फ सफाई नहीं, एक ‘थेरेपी’ है: आयुर्वेद से जानें स्नान के ये जादुई फायदे
शोध के अनुसार, फ्रिज के भीतर ई-कोली, साल्मोनेला और लिस्टीरिया जैसे बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जो फ्लू और पेट की खराबी के लिए जिम्मेदार हैं। एक अध्ययन के मुताबिक, फ्रिज की सलाद वाली दराज में सामान्य से 750 गुना अधिक बैक्टीरिया होते हैं। वहीं, वाशिंग मशीन में मौजूद स्टेफिलोकोकस बैक्टीरिया त्वचा पर छाले पैदा कर सकते हैं। ओवन के हैंडल पर तो टॉयलेट सीट से भी ज्यादा बैक्टीरिया पाए गए हैं।
उपकरणों की सफाई के आसान और सटीक स्टेप्स:
-
फ्रिज की सफाई: हर हफ्ते फ्रिज के दराजों और शेल्फों से बासी भोजन निकालें और हल्के गीले कपड़े से साफ करें। हर 3 महीने पर डीप क्लीनिंग करें। फ्रिज को पूरी तरह खाली करके किचन क्लीनर से अंदरूनी हिस्सों, हैंडल, ड्रेन होल और सलाद दराज की सफाई करें। ड्रेन होल ब्लॉक होने से फ्रिज में बदबू आने लगती है।
-
वाशिंग मशीन: इसकी सफाई हर महीने जरूरी है। डिटर्जेंट डालने वाले दराज को निकालकर साबुन वाले गर्म पानी में धोएं और पुराने टूथब्रश से कोनों को साफ करें। मशीन के ड्रम को साफ करने के लिए इसे एक बार खाली चक्र (टब क्लीन मोड) में चलाएं और बाद में दरवाजा खोलकर सुखाएं। रबड़ सील के पास जमे कचरे को गीले कपड़े से पोंछ लें।
-
ओवन: ओवन के दरवाजे को हर हफ्ते और अंदरूनी हिस्से को हर महीने साफ करें। शेल्फों को निकालकर रातभर साबुन के पानी में भिगोकर रखें। हीटिंग एलिमेंट्स को ढककर ओवन क्लीनर स्प्रे करें और स्पंज से साफ करें। कोनों की सफाई के लिए टूथब्रश का इस्तेमाल करें और हैंडल को रोजाना साफ करें।
-
मिक्सी (मिक्सर ग्राइंडर): मिक्सी के मुख्य मोटर वाले हिस्से को हमेशा अंदर और बाहर से सूखे कपड़े से साफ करें। इसके नट और स्क्रू की जांच कर उन्हें समय-समय पर कसते रहें ताकि इस्तेमाल के दौरान कोई दुर्घटना न हो।
Read more: टॉयलेट सीट से भी ज्यादा गंदे हो सकते हैं आपके ये घरेलू उपकरण, ऐसे करें सफाई



