Jamshedpur. झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में 11 जून को अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गोलमुरी, जमशेदपुर में एक दिवसीय रोजगार कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक किया जाएगा।

रोजगार कैंप के माध्यम से कुल 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 400 एनएपीएस (नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम) ट्रेनी तथा 100 इंस्टॉलेशन इंजीनियर एवं वायरमैन के पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के साथ रोजगार का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

कैंप में ई-डिजिटल इंडिया तथा वी ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड सहित विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियां भाग लेंगी। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

आयोजकों ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं वैध पहचान पत्र के साथ कैंप में उपस्थित हों। रोजगार कैंप का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।

विभाग ने क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कैंप में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Share.
Exit mobile version