New Delhi: देश में चिलचिलाती गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है। बीते 4 जून को केरल के तट से टकराने के बाद मॉनसून महज 48 घंटे के भीतर देश के सात राज्यों तक पहुंच गया है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मॉनसून अब केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और मिजोरम में पूरी तरह छा चुका है। शनिवार को इसने मणिपुर और मिजोरम में एंट्री ली। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश और गोवा में भी मॉनसून का जोरदार असर दिखने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। कई इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक पानी बरस सकता है। आपको बता दें कि इस साल मॉनसून अपने सामान्य समय से तीन दिन की देरी से आया है, क्योंकि आमतौर पर यह 1 जून को ही केरल पहुंच जाता था।
Read more: झारखंड में मॉनसून की दस्तक, कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, 7 जून को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में धूलभरी आंधी के साथ तेज बारिश होने के आसार हैं। इन जिलों में मुख्य रूप से मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, देवरिया, वाराणसी, संत कबीरनगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, कौशांबी, अमेठी, अयोध्या, गोंडा और बाराबंकी शामिल हैं। इन इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी है। पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में 10 से 12 जून के बीच भी अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी यूपी के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और वहां 12 जून तक लू (Heatwave) का अलर्ट जारी किया गया है।
Read more: नौतपा में तपेगी धरती, तभी बरसेगा मानसून: जानें सूर्य देव को प्रसन्न करने के अचूक उपाय
दूसरी ओर, बिहार के कैमूर, औरंगाबाद, बक्सर, रोहतास, सारण, वैशाली, पटना, शेखपुरा, जमुई, नालंदा, गया और लखीसराय में 7 जून को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बांका और भागलपुर में भारी बारिश की उम्मीद है। बिहार में 9 से 10 जून के बीच भी वर्षा का यह दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में आज हो सकती है झमाझम बारिश
देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 जून को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बादलों की गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले 2 से 5 दिनों में मॉनसून महाराष्ट्र के बचे हुए हिस्सों, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर के बाकी राज्यों को भी पूरी तरह कवर कर लेगा।
16 राज्यों में आंधी-पानी और कुछ हिस्सों में लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने 7 जून को देश के 16 राज्यों में अंधड़ और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक उत्तर प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, लद्दाख, ओडिशा, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान निकोबार, उत्तराखंड, गोवा, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, मणिपुर और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ तूफानी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने कई जगहों पर बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Read more: बिहार के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 7 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून
इसके विपरीत, जहां एक तरफ देश का बड़ा हिस्सा मॉनसूनी बारिश से भीग रहा है, वहीं उत्तर भारत के कुछ मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश बरकरार रहेगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ अंदरूनी इलाकों में 8 से 12 जून तक भीषण लू चलने की आशंका है, जिससे लोगों को संभलकर रहने की जरूरत है।



