गुमला : झारखंड के गुमला जिले से मानव तस्करी का मामला सामने आया है। यहां रोजगार दिलाने का झांसा देकर एक नाबालिग किशोरी को पहले दिल्ली ले जाया गया और फिर राजस्थान में कथित तौर पर 20 हजार रुपये में एक 50 वर्षीय व्यक्ति को बेच दिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसकी जबरन शादी कराई गई और उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह वहां से भागने के बाद किशोरी अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
जुलाई में नौकरी का झांसा देकर ले गई थी महिला
पीड़िता के मुताबिक, इसी साल जुलाई में एक महिला उसे काम दिलाने का भरोसा देकर दिल्ली ले गई थी। वहां उसे दूसरी महिला के हवाले कर दिया गया। कुछ दिनों तक एक कोठी में काम कराने के बाद उसे राजस्थान ले जाया गया। किशोरी का आरोप है कि वहां उसकी शादी 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन करा दी गई।
इस शादी के लिए मेहमानों को भी बुलाया गया था। बंद कमरे में मुंह दिखाई की रस्म भी कराई गई। पीड़िता के अनुसार, उसे बेचने के बदले महिला को 20 हजार रुपये दिए गए थे।
विरोध करने पर होती थी मारपीट
किशोरी ने बताया कि शादी के बाद उसे आरोपी के घर में रखा गया। आरोपी उसे घर में बंद करके दुकान जाता था। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ जबरदस्ती की जाती थी और विरोध करने पर मारपीट होती थी।
एक दिन आरोपी समय से पहले घर लौट आया और सो गया। इस दौरान दरवाजा बंद करना भूल गया। इसी मौके का फायदा उठाकर किशोरी वहां से भाग निकली।
दो हजार रुपये लेकर पहुंची अपने घर
किशोरी के पास मुंह दिखाई की रस्म में मिले दो हजार रुपये थे। इन्हीं पैसों से वह राजस्थान से दिल्ली और फिर रांची पहुंची। इसके बाद किसी तरह अपने गांव पहुंचकर उसने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई।
रविवार शाम परिजन उसे लेकर गुमला थाना पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बिशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि किशोरी की ओर से आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।





