अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला:-आज दिनांक 03 दिसंबर 2025 को अनुमंडल पदाधिकारी गुमला की अध्यक्षता में उनके सभा कक्ष में सब्जी विक्रेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वेंडिंग जोन टंगरा मार्केट से जुड़े कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।
सब्जी विक्रेताओं ने जशपुर रोड की ओर से बंद पड़े तीसरे रास्ते को खोलने का अनुरोध किया। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने जांचोपरांत रास्ता खोलने का निर्देश दिया, जिससे वेंडिंग जोन में आवागमन और बेहतर हो सके।
वेंडिंग कमेटी ने बैठक में आश्वस्त किया कि सभी विक्रेता निर्धारित वेंडिंग जोन में ही दुकान लगाएंगे। तय स्थान के बाहर सब्जी बेचने पर सब्जी जब्त करने और जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जो भी विक्रेता वेंडिंग जोन के बाहर इधर-उधर सब्जी बेचते हैं, उन्हें कड़ाई से वेंडिंग जोन में ही दुकान लगाने को कहा जाए। साथ ही दुकान विस्तारीकरण को लेकर भी चर्चा हुई, जिसके लिए सर्वे के बाद विस्तार की अनुमति देने पर सहमति बनी।
बैठक में शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी ने नगर परिषद को निर्देश दिया कि चेंबर ऑफ कॉमर्स, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, रेड क्रॉस सोसाइटी जैसे संगठनों के साथ बैठक कर नागरिकों को प्रेरित किया जाए कि वे केवल वेंडिंग जोन में लगे दुकानों से ही सब्जी की खरीदारी करें। इससे शहर अधिक सुव्यवस्थित दिखेगा।
बैठक में प्रशासक सहित नगर परिषद कर्मी एवं वेंडिंग समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

