Patna: ग्रामीण विकास विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में वीबी जी रामजी योजना के अंतर्गत कायाकल्प अभियान के तहत कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान रामगढ़वा प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के प्रांगण में मिट्टी भराई, पेवर ब्लॉक कार्य और चारदीवारी निर्माण की आधारशिला रखी गई। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के परिसर को सुंदर और सुरक्षित बनाने से वहां आने वाले मरीजों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
ग्रामीण हाट बाजारों और कायाकल्प अभियान पर जोर
मंत्री श्रवण कुमार ने रक्सौल प्रखंड के लक्ष्मीपुर लक्ष्मणवां पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि आज 50 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि पूर्वी चंपारण जिले में सबसे अधिक कुल 27 ग्रामीण हाट बाजारों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही बाजार की सुविधा मिलेगी और छोटे दुकानदारों, किसानों तथा महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
मंत्री ने आगे बताया कि जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कायाकल्प अभियान के तहत कुल 649 योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इनमें गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, स्कूलों की चारदीवारी, शौचालय, किचन शेड और अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण जैसे तमाम कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल, सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, विधान पार्षद खालिद अनवर, पश्चिम चंपारण के उपविकास आयुक्त, रक्सौल के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जदयू जिलाध्यक्ष भरत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय, लक्ष्मीपुर पंचायत की मुखिया शायला देवी, पूर्व मुखिया अजय पटेल, रामगढ़वा प्रखंड की प्रमुख रीता देवी, उपप्रमुख अरविन्द कुमार पांडेय, मुखिया देवानन्द प्रसाद और युवा जदयू नेता सन्नी पटेल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







