रांची: डुमरी विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थानेदार के बीच हुए विवाद को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पुलिस और राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पुलिस एसोसिएशन के रवैये पर भी नाराजगी जताई।
मरांडी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के लिए भाषा और शिष्टाचार की बात की जाती है, लेकिन पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर भी यही नियम लागू होना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या पुलिस एसोसिएशन ने कभी गाली-गलौज करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है?
उन्होंने कथित वायरल ऑडियो का जिक्र करते हुए बिना सहमति बातचीत रिकॉर्ड कर वायरल करने को निजता के अधिकार का उल्लंघन बताया। मरांडी ने दावा किया कि इससे पहले चास थानेदार का भी कथित गाली-गलौज वाला ऑडियो वायरल हुआ था और उन्होंने कार्रवाई की मांग की थी।
मरांडी ने कहा कि थानों में आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को जनता से बात करने का तरीका और शिष्टाचार सीखना चाहिए। साथ ही उन्होंने सरकार से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ केवल निलंबन नहीं, बल्कि एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।




