पटना: राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में NIA ने आतंकी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मोस्टवांटेड संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई जुडियो मॉल के पास स्थित कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में की गई।
NIA की टीम ने अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 609 में छापेमारी कर संदिग्ध को पकड़ा। इसके बाद टीम उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
स्कूटी से भागने की कोशिश, 20 लाख रुपये मिले
छापेमारी के दौरान एक अन्य व्यक्ति घबराकर अपार्टमेंट से निकलने लगा। वह स्कूटी से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाहर मौजूद STF और चित्रगुप्त नगर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे एक झोले से करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई है। वह पूर्वी चंपारण के चकिया वार्ड नंबर-7 का रहने वाला बताया गया है।
नकदी के स्रोत की जांच
पुलिस और जांच एजेंसियां अनमोल कुमार मोदी से पूछताछ कर रही हैं। इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद रकम का किसी अवैध लेनदेन या अन्य गतिविधि से संबंध तो नहीं है।



