कोडरमा: जयनगर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में चोरों ने एक घर में घुसकर करीब चार लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के दौरान चोरों ने घर में सो रहे 12 लोगों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया।
घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। घर के मालिक सतीश कुमार के अनुसार, खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे।
रात में उनके बड़े भाई की नींद खुली। जब उन्होंने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने दूसरे भाई को फोन किया तो उसका कमरा भी बाहर से बंद था। इसके बाद परिवार के अन्य लोगों को फोन कर जगाया गया। सभी के कमरे बाहर से बंद मिलने पर चोरी का शक हुआ।
परिजनों ने तुरंत आसपास के लोगों को फोन कर जानकारी दी। पड़ोसियों के पहुंचने की आहट सुनकर चोर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पड़ोसियों ने कमरों के दरवाजे खोलकर सभी लोगों को बाहर निकाला।
घर की जांच करने पर कमरों में सामान बिखरा मिला और अलमारियां खुली हुई थीं। चोर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना जयनगर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है।



