गुमला: गुमला जिले के भरनो प्रखंड के गढ़ाटोली गांव में रविवार को एक व्यक्ति शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि 35 वर्षीय बुधनाथ उरांव शराब के नशे में था। शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद वह गुस्से में हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया।
बुधनाथ को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंची। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
बाद में उसकी पत्नी ने उससे काफी देर तक मिन्नत की। पत्नी की बात मानकर बुधनाथ खुद ही टावर से नीचे उतर आया। उसके सुरक्षित नीचे आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।




