चैनपुर (गुमला): प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को विधि-विधान से हवन-पूजन के बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
विसर्जन शोभायात्रा के दौरान युवाओं की टोली ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” और “मोरया रे मोरया” के जोरदार जयकारे लगाए, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। धार्मिक भजनों और डीजे की धुन पर युवा और श्रद्धालु जमकर झूमे। नगर भ्रमण के बाद श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता भगवान गणेश को भावभीनी विदाई दी।
शोभायात्रा के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। चैनपुर थाना के एसआई विजय उरांव और एएसआई संतोष धर्मपाल लुगुन पुलिस बल के साथ मुस्तैदी से तैनात रहे और पूरे जुलूस पर नजर बनाए रखी। विसर्जन कार्यक्रम बिना किसी बाधा के पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



