Ranchi: ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन तक पहुंचाने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। चान्हो प्रखंड के ताला पंचायत अंतर्गत कर्मबों गांव में सोमवार को नव भारत जागृति परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि एवं उद्योग विभाग, रांची के सभापति सह जिला परिषद सदस्य आदिल अजीम ने किया
“किसानों को नंबर वन बनाना मेरा लक्ष्य”
इस मौके पर आदिल अज़ीम ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “मेरी कोशिश है कि मेरे क्षेत्र के किसान खेती के क्षेत्र में नंबर एक बनें। आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण के जरिए किसानों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि उनकी आमदनी और उत्पादन दोनों बढ़ सके।”
क्या है नव भारत जागृति परियोजना
आदिल अज़ीम ने बताया कि नव भारत जागृति केंद्र (एनबीजेके) एक सामाजिक संस्था है, जो गरीब, वंचित और ग्रामीण समुदायों के साथ-साथ किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति और जीवन स्तर सुधारने के लिए कार्य कर रही है। संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस कर रही है।
“अंतिम व्यक्ति के विकास से ही मजबूत भारत”
उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास नहीं होगा, तब तक गांव, पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य का वास्तविक विकास संभव नहीं है। हर वर्ग के सशक्त होने से ही एक मजबूत और विकसित भारत का निर्माण हो सकता है।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में नव भारत जागृति केंद्र के सचिव सतीश गिरजा, प्रोजेक्ट मैनेजर प्रियांशु कुमार और अक्षय कुमार, समाजसेवी उपेन्द्रलाल शाहदेव, धीरज कुमार, चंदन सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस परियोजना को ग्रामीण विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया।



