धनबाद: न्यू गोधर-कुसुंडा कोलियरी के गोधर छह खिलान धौड़ा में भू-धसान की घटनाएं लगातार हो रही हैं। शनिवार को आबादी वाले इलाके में एक बार फिर जमीन धंस गई। इससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
बताया गया कि 5 अगस्त को हुई भू-धसान की घटना का दायरा बढ़ गया है। वहां करीब 3 फीट चौड़ा और 5 फीट लंबा गोफ बन गया है। वहीं, दोपहर करीब 12 बजे तीन नंबर चानक के पास पहले हुई भू-धसान की घटना से कुछ दूरी पर तेज आवाज के साथ 25 फीट से अधिक व्यास का गोलाकार गोफ बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोफ से गैस निकलने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी के लिए फेंसिंग का काम शुरू किया।
क्षेत्र पहले से घोषित है असुरक्षित
लगातार भू-धसान को देखते हुए बीसीसीएल प्रबंधन इस इलाके को पहले ही असुरक्षित घोषित कर चुका है। कई जगहों पर फेंसिंग भी कराई गई है। इसके बावजूद धौड़ा में अभी भी एक दर्जन से अधिक लोग रह रहे हैं।
भू-धसान के बाद कुछ परिवारों को बेलगढ़िया शिफ्ट किया गया है, लेकिन कई परिवार अभी भी इसी इलाके में रह रहे हैं। इससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
फेंसिंग करने पहुंची टीम को लोगों ने रोका
गोफ बनने की सूचना के बाद बीसीसीएल की टीम फेंसिंग करने पहुंची तो शुरुआत में स्थानीय लोगों ने काम रोक दिया। लोगों का आरोप है कि प्रबंधन घटना होने के बाद ही सक्रिय होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भू-धसान के बाद उन्हें बेलगढ़िया शिफ्ट करने और बेहतर सुविधाएं देने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन गोफ भरने के बाद शिफ्टिंग की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है।
सुविधाएं मिलने पर बेलगढ़िया जाने को तैयार
स्थानीय लोगों ने कहा कि वे असुरक्षित क्षेत्र छोड़कर बेलगढ़िया जाने के लिए तैयार हैं, लेकिन वहां पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी है। लोगों ने इन सुविधाओं को सुनिश्चित करने की मांग की है।
बाद में कोलियरी प्रबंधन के अधिकारियों ने फोन पर स्थानीय लोगों से बातचीत की। समझाने के बाद लोग फेंसिंग के लिए तैयार हुए और चानक के पास बने गोफ की घेराबंदी कर दी गई।
जल्द शिफ्टिंग का आश्वासन
न्यू गोधर-कुसुंडा कोलियरी के पीओ दिलीप कुमार ने कहा कि पूरा इलाका आग और भू-धसान से प्रभावित है। कुछ परिवारों को बेलगढ़िया शिफ्ट किया जा चुका है और बाकी लोगों को भी जल्द सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि बेलगढ़िया में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित एजेंसी से बातचीत चल रही है। पीओ ने लोगों से असुरक्षित क्षेत्र छोड़कर बेलगढ़िया शिफ्ट होने की अपील की है।




