Ramgarh: रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुजू कोलियरी स्थित पानी टंकी के समीप से एक संदिग्ध टाटा सफारी (पंजीकरण संख्या JH05BD-4397) जब्त की है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले वाहन में सवार तीनों व्यक्ति सफारी छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदिग्ध परिस्थितियों में एक टाटा सफारी क्षेत्र में घूमती दिखाई दी। इसकी सूचना तत्काल कुजू पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही सफारी में सवार लोग वहां से निकलने का प्रयास करने लगे।
बारिश में फंसी गाड़ी, वाहन छोड़कर भागे तीनों
लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चा रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गया था। भागने के दौरान टाटा सफारी उसी दलदली रास्ते में फंस गई। इसके बाद वाहन में सवार तीनों लोग अंधेरे और बारिश का फायदा उठाते हुए गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
तलाशी में रस्सी और पायबोटी बरामद
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को सफारी की पिछली सीट खुली हुई मिली। इसके अलावा मवेशियों को बांधने में उपयोग होने वाली रस्सी और पायबोटी भी बरामद हुई। इन सामानों के मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर मवेशी चोरी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जांच के बाद ही होगा आधिकारिक खुलासा
कुजू पुलिस का कहना है कि जब्त वाहन के स्वामित्व, फरार लोगों की पहचान तथा बरामद सामान के संबंध में हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि सभी तथ्यों का सत्यापन और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।




