गुमला। रायडीह थाना क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा का 15 अगस्त की शाम को तीन लड़कों ने अपहरण कर लिया था। पुलिस की तत्परता से कार्रवाई करते हुए छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।

छात्रा उन लड़कों को नहीं जानती थी, लेकिन वे उसे जबरन बाइक पर बैठाकर डुमरी थाना क्षेत्र के बीरी गांव ले गए। वहां अंधेरे का फायदा उठाकर छात्रा उनके चंगुल से भाग निकली और पास के एक स्कूल में जाकर छिप गई।

इधर, हॉस्टल के इंचार्ज ने छात्रा के गायब होने की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन तत्काल विद्यालय पहुंचे और खोजबीन शुरू की। बाद में घटना की सूचना रायडीह थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने छात्रा की खोजबीन के लिए छापेमारी शुरू कर दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्रा को डुमरी से सकुशल बरामद कर लिया और उसका मेडिकल कराया गया। इस दौरान पुलिस ने घटना में शामिल तीन लड़कों को भी पकड़ लिया। पकड़े गए लड़कों में डुमरी थाना क्षेत्र के बिरी गांव निवासी 18 वर्षीय विनीत मिंज, 18 वर्षीय सामुएल एक्का और एक नाबालिग लड़का शामिल है।

हॉस्टल इंचार्ज ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस होने के कारण कुछ छात्राएं हॉस्टल से बाहर घूमने गई थीं और सभी लौट आईं थीं, सिवाय इस छात्रा के। छात्रा के वापस न आने पर परिजनों को फोन द्वारा सूचना दे दी गई थी। रायडीह पुलिस ने शनिवार की शाम 5 बजे दो लड़कों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।

Share.
Exit mobile version