फॉण्ट कनवर्टर NEW

साकची से अगवा मासूम आफरीन 14 दिन बाद बरामद, चौंकाने वाली वजह आई सामने

Jamshedpur: जमशेदपुर में 26 मई को साकची बाजार से लापता हुई तीन वर्षीय मासूम आफरीन को पुलिस ने 14 दिनों की अथक तलाश के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अपहरण के आरोप में अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur: जमशेदपुर में 26 मई को साकची बाजार से लापता हुई तीन वर्षीय मासूम आफरीन को पुलिस ने 14 दिनों की अथक तलाश के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने अपहरण के आरोप में अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी पत्नी अफसाना बेगम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बच्ची की बरामदगी के बाद उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है।

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि उलीडीह थाना क्षेत्र के हयात नगर (डिमना बस्ती) निवासी मो. इम्तियाज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 26 मई को बकरीद की खरीदारी करने साकची बाजार आए थे। बाजार की भीड़ के बीच उनकी तीन वर्षीय पुत्री आफरीन अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने पर मो. इम्तियाज ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को फुटेज में एक दंपति बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करते हुए उनके कपाली स्थित किराए के मकान तक पहुंच बनाई, लेकिन वहां ताला बंद मिला।

तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला अंतर्गत झालदा थाना क्षेत्र के पुष्टि गांव पहुंची। वहां छापेमारी कर अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42 वर्ष) और उसकी पत्नी अफसाना बेगम (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से मासूम आफरीन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनकी शादी को लगभग 10 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उन्हें संतान सुख प्राप्त नहीं हुआ था। इसी कारण बच्ची की चाह में उन्होंने साकची बाजार में अकेली दिखी आफरीन का अपहरण कर लिया और उसे अपने गांव ले जाकर अपनी संतान की तरह पालने की योजना बना ली थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो स्मार्टफोन भी बरामद किए हैं।

बच्ची के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे उसके माता-पिता मो. इम्तियाज और उनके परिवार को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। वहीं इस सफलता के लिए शहरवासियों ने भी पुलिस की सराहना की है।

इस पूरे अभियान में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, एसआई अमित कुमार सिंह, हरि महतो, जितेन्द्र कुमार वर्मा, अभिनव कुमार, अमित कुमार चौधरी, सुजीत कुमार, एएसआई राजेश कुमार, बिरेन्द्र कुमार सिंह, प्रेमकांत मिश्रा तथा साकची थाना रिजर्व गार्ड के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसे पुलिस की बड़ी सफलता बताया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram