Khunti News: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निरसिंग गांव के पास ढलान पर लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर ही दो की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रायसोम गांव निवासी मंगल बड़ींग (45) और गुस्सलु बडिंग (60) के रूप में हुई है। ट्रैक्टर के पलटते ही दोनों उसके नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
छह लोग गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में बिरसु चीक बडाईक कराकेल, चोयता बडिंग, तिलिंगा बडिंग, लोड़गो बडिंग, बुधवा बडिंग और लेचा बडिंग घायल हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
अबुआ आवास के लिए ले जाई जा रही थी लकड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायसोम गांव निवासी लोड़गो बडिंग के अबुआ आवास निर्माण के लिए बगिया बीचाटोली से लकड़ी लोड कर ट्रैक्टर के जरिए गांव ले जाई जा रही थी। निरसिंग गांव के पास ढलान पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का ब्रेक अचानक फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर पलट गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही रनिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



