Patna: बिहार के बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और सड़क नेटवर्क में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। गंगा नदी पर करीब ₹5,000 करोड़ की लागत से निर्मित कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6-लेन पुल पूरी तरह तैयार होने के करीब है। आधुनिक तकनीक और बेहतरीन इंजीनियरिंग का नमूना यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल ब्रिज उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच की दूरी को काफी कम कर देगा।
67 पिलरों पर टिका 9.76 किमी लंबा महासेतु
बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) द्वारा पथ निर्माण विभाग की देखरेख में निर्मित इस मुख्य 6-लेन पुल की लंबाई 9.76 किलोमीटर है, जो कुल 67 विशाल पिलरों पर टिका हुआ है। यदि दोनों छोर के पहुंच पथों (एप्रोच रोड) को जोड़ दिया जाए, तो इस पूरी मेगा परियोजना की कुल लंबाई 19.30 किलोमीटर हो जाती है। पुल चालू होने से पटना का वैशाली, समस्तीपुर समेत पूरे उत्तर बिहार से सीधा और निर्बाध संपर्क स्थापित होगा, जिससे यात्रा के समय में भारी बचत होगी।
पटना रिंग रोड और आमस-दरभंगा मार्ग से होगा सीधा जुड़ाव
पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि यह पुल केवल कंक्रीट का ढांचा नहीं, बल्कि बदलते और प्रगतिशील बिहार का प्रतीक है। इस महासेतु के जरिए पटना रिंग रोड और आमस-दरभंगा मार्ग का सीधा जुड़ाव होगा। यह पुल दानापुर, दीघा, शिवाला, बिहटा, कन्हौली, डुमरी, नयागांव, तेलवारीचक, कच्ची दरगाह और सबलपुर को जोड़ते हुए राजधानी के चारों तरफ एक मजबूत और सुगम कनेक्टिविटी हब तैयार करेगा।
ट्रैफिक जाम से मुक्ति और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार
पाल के अनुसार, इस पुल के चालू होने से वाणिज्यिक वाहनों (ट्रक व मालवाहक) को शहर के भीतर प्रवेश किए बिना बाहर-बाहर निकलने का वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापार, कृषि उत्पादों और डेयरी ट्रांसपोर्टेशन को जबरदस्त गति मिलेगी, वहीं पटना की सड़कों को भारी ट्रैफिक जाम से हमेशा के लिए निजात मिल सकेगी।





