रांची: देश के कई राज्यों में इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 के मामले बढ़ने के बाद झारखंड का स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। दिल्ली, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और राजस्थान में बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में निगरानी बढ़ा दी गई है।
केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सभी सिविल सर्जनों, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों पर नजर
एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के तहत राज्यभर में सर्दी, खांसी और बुखार यानी ILI के मामलों की रोजाना निगरानी की जा रही है। गंभीर श्वसन संक्रमण (SARI) के मरीजों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने इन मामलों की जानकारी IHIP पोर्टल पर नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सर्विलेंस पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की देखरेख में निगरानी का काम किया जा रहा है।
झारखंड में अभी संक्रमण की पुष्टि नहीं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, फिलहाल झारखंड में इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, दूसरे राज्यों में बढ़ते मामलों को देखते हुए एहतियात बरती जा रही है।
विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखने पर जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जागरूकता और सावधानी से संक्रमण के खतरे को कम किया जा सकता है।




