फॉण्ट कनवर्टर NEW

JSSC-CGL गड़बड़ी में गिरफ्तारी का सिलसिला जारी, अब 4 और अभ्यर्थी पकड़े गए

JSSC-CGL 2023 परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने चार और अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो मुख्य आरोपी पांच दिन की रिमांड पर हैं।

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL)-2023 में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम ने शुक्रवार को चार और अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। इससे मामले में कार्रवाई और तेज हो गई है। वहीं, गुरुवार को गिरफ्तार किए गए दो मुख्य आरोपियों सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को सीआईडी ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।

चार अभ्यर्थियों को CID ने किया गिरफ्तार

शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों में धनबाद के नावाडीह निवासी दीपक कुमार, राजगंज निवासी विजय कुमार तिवारी, सुदामडीह निवासी आनंद कुमार सिंह और बोकारो निवासी उमेश कुमार राय शामिल हैं। सीआईडी इन सभी से पूछताछ कर रही है और परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है।

बेंगाबाद में भी CID की छापेमारी

मामले की जांच के दौरान सीआईडी की टीम ने गुरुवार देर रात गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में भी छापेमारी की। टीम ने बेंगाबाद चौक स्थित एक मिठाई की दुकान से सीजीएल परीक्षा में सफल होकर एएसओ के पद पर कार्यरत समीर उर्फ शालू को पकड़ा। बताया जा रहा है कि समीर छुट्टी पर रांची से बेंगाबाद गया था। इसके बाद सीआईडी की टीम ने उसके घर पर भी तलाशी ली। इस दौरान कुछ सामान और मोबाइल फोन जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी अब जब्त सामान और डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।

अभय तिवारी के बेंगाबाद कनेक्शन की जांच

जांच के दौरान कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी के बेंगाबाद कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अभय तिवारी का ससुराल बेंगाबाद थाना क्षेत्र के हातबोड़ गांव में बताया जाता है। आरोप है कि उसके संपर्क के जरिए बेंगाबाद और आसपास के कुछ युवकों को प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित तौर पर लाभ पहुंचाकर नौकरी दिलाने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों की जांच सीआईडी कर रही है।

मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की हो रही जांच

सीआईडी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों और कथित पेपर लीक नेटवर्क के बीच कोई सीधा संपर्क था या नहीं। इसके लिए गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित तौर पर प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों तक कैसे पहुंचा और इस पूरी कड़ी में किन लोगों की भूमिका रही।

दो मुख्य आरोपी पांच दिन की रिमांड पर

गुरुवार को गिरफ्तार किए गए सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को सीआईडी ने पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है। दोनों से पूछताछ के जरिए जांच एजेंसी कथित पेपर लीक की पूरी कड़ी और इससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में अन्य अभ्यर्थियों और संदिग्धों की भूमिका भी जांच के दायरे में आने की संभावना है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram