फॉण्ट कनवर्टर NEW

खेतों से झारखंड अंडर-16 फुटबॉल टीम तक पहुंचीं पिठौरिया की तीन बेटियां

रांची के कांके प्रखंड के पिठौरिया क्षेत्र की तीन होनहार खिलाड़ियों—राखी कुमारी, नैंसी मुंडा और आयुषी कुमारी का चयन झारखंड अंडर-16 फुटबॉल टीम में हुआ है, जो आज बिहार के खिलाफ मैदान में उतरेंगी।
झारखंड अंडर-16 फुटबॉल टीम, पिठौरिया रांची
झारखंड अंडर-16 फुटबॉल टीम में चयन पिठौरिया की तीन बेटियां

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची के कांके प्रखंड अंतर्गत पिठौरिया क्षेत्र की तीन प्रतिभावान बेटियों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी सफलता हासिल की है। स्टार वॉर्स फुटबॉल क्लब की खिलाड़ी राखी कुमारी, नैंसी मुंडा और आयुषी कुमारी का चयन झारखंड अंडर-16 फुटबॉल टीम में हुआ है। फिलहाल ये तीनों खिलाड़ी आंध्र प्रदेश में झारखंड टीम के साथ मौजूद हैं और आज बिहार के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगी।

संघर्ष और मेहनत से तय किया सफर

राखी कुमारी और नैंसी मुंडा उलटू पंचायत के चड़ी गांव की रहने वाली हैं, जबकि आयुषी कुमारी कांके संग्रामपुर गांव की निवासी हैं। इन तीनों खिलाड़ियों की यह सफलता इसलिए बेहद खास है क्योंकि उन्होंने सीमित संसाधनों और खेल मैदान की कमी के बावजूद हार नहीं मानी। उचित खेल मैदान न होने के कारण इन बेटियों ने खेतों में अभ्यास कर अपने खेल को निखारा और आज झारखंड की अंडर-16 टीम तक अपनी जगह बनाई है।

क्लब और ग्रामीण इलाकों में खुशी का माहौल

ग्रामीण क्षेत्र में खेल सुविधाओं की कमी के बावजूद इन खिलाड़ियों ने फुटबॉल के प्रति अपना जुनून कम नहीं होने दिया। अनुशासन और नियमित अभ्यास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। स्टार वॉर्स फुटबॉल क्लब से लगातार खिलाड़ियों का चयन झारखंड टीम के लिए होता रहा है। राखी, नैंसी और आयुषी की इस सफलता से उनके गांवों और क्लब में जश्न का माहौल है। यह उन तमाम ग्रामीण बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बीच फुटबॉल में अपना भविष्य तलाश रही हैं।

कोच और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

स्टार वॉर्स फुटबॉल क्लब के कोच सह संस्थापक अनवर उल हक (बबलू) ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी बेटियां परिस्थितियों से नहीं बल्कि अपनी मेहनत और हौसले से पहचान बना रही हैं। वहीं, उलटू पंचायत की मुखिया सुनीति मुंडा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता वैश आलम ने भी खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताई। समाजसेवी वैश आलम ने बताया कि जुमे की नमाज के दौरान उन्होंने तीनों बेटियों के शानदार प्रदर्शन और सफलता के लिए विशेष दुआ मांगी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram