फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026: मोराबादी मैदान में 9 अगस्त को सजेगा विशेष फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास

SRFTI कोलकाता के विशेषज्ञ युवाओं को सिखाएंगे फिल्म मेकिंग के गुर, विनोबा भावे विश्वविद्यालय को मिला आमंत्रण

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFFDCL) की ओर से आगामी ‘आदिवासी महोत्सव-2026’ के तहत 9 अगस्त को रांची के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान में एक विशेष फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के युवाओं को फिल्म निर्माण, विजुअल स्टोरीटेलिंग (दृश्य कथानक) और आधुनिक मीडिया इंडस्ट्री की व्यावहारिक बारीकियों से अवगत कराना है।
इस सिलसिले में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति को औपचारिक पत्र भेजकर कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। कॉरपोरेशन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पत्रकारिता, मास कम्यूनिकेशन, फिल्म स्टडीज, विजुअल कम्यूनिकेशन, मीडिया स्टडीज और परफॉर्मिंग आर्ट्स जैसे विषयों के कम से कम 50 मेधावी विद्यार्थियों को नामांकित कर भेजने का आग्रह किया है।
दिनभर चलने वाले इस आयोजन के दौरान प्रदर्शित होने वाली फिल्में मुख्य रूप से आदिवासी जीवन, स्वदेशी संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय कला-सिनेमा पर केंद्रित होंगी। इसके अलावा, “फिल्म मेकिंग एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज इन द फिल्म इंडस्ट्री” विषय पर एक विशेष मास्टर क्लास का आयोजन किया जाएगा। इस सत्र का संचालन सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के ख्याति प्राप्त विशेषज्ञ और प्राध्यापक करेंगे।
मास्टर क्लास में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को फिल्म मेकिंग की मूलभूत तकनीकों से लेकर पटकथा लेखन (स्क्रीनप्ले), निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, साउंड डिजाइन और डिजिटल/ओटीटी (OTT) कंटेंट के दौर में उभरती करियर संभावनाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन मिलेगा। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और रोजगार के व्यावहारिक अवसरों के बारे में भी महत्वपूर्ण टिप्स देंगे।
झारखंड फिल्म विकास निगम का मानना है कि इस पहल से युवाओं में न केवल सिनेमा की समझ विकसित होगी, बल्कि उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को एक नया मंच भी प्राप्त होगा। गौरतलब है कि बीती 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में सूचना भवन में झारखंड सरकार और SRFTI कोलकाता के बीच राज्य में फिल्म इंस्टीट्यूट स्थापित करने को लेकर एक ऐतिहासिक समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए थे। यह आयोजन उसी दिशा में एक अहम कदम साबित होने जा रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram