अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नए स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। मांडर प्रखंड के ब्राम्बे स्थित पुराने सेंट्रल यूनिवर्सिटी कैंपस को अब एक भव्य ‘मेडिकल यूनिवर्सिटी’ के रूप में तब्दील किया जाएगा। गुरुवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने खुद स्थल निरीक्षण करने के बाद यह बड़ी घोषणा की। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि यह यूनिवर्सिटी झारखंड में डॉक्टरों की कमी को दूर करने और स्वास्थ्य शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।
राज्यपाल की मुहर और प्रशासनिक तैयारी पूरी
आपको बता दें कि इस यूनिवर्सिटी का रास्ता साफ हो चुका है। स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि झारखंड स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी अधिनियम 2023 के तहत इस संस्थान का खाका तैयार किया गया है। 11 अप्रैल 2025 को माननीय राज्यपाल ने इसके गठन को मंजूरी दी थी, जिसके बाद 28 अप्रैल को आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई थी। अब जल्द ही यहां प्रशासनिक काम और शैक्षणिक सत्र शुरू करने की तैयारी है।
एक ही छत के नीचे होगी हर चिकित्सा पद्धति की पढ़ाई
ब्राम्बे की यह प्रस्तावित यूनिवर्सिटी केवल एमबीबीएस तक सीमित नहीं रहेगी। यहाँ आयुर्वेद, दंत चिकित्सा (डिटेल), नर्सिंग, पैरामेडिकल, यूनानी और होम्योपैथी जैसे तमाम पाठ्यक्रमों की उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण दिया जाएगा। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “झारखंड के बच्चों को अब मेडिकल की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना होगा।” इस घोषणा के बाद मांडर और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे न केवल रोजगार बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास भी होगा।

