फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड विधानसभा अध्यक्ष बोले: यह सदन बहस नहीं, जन आकांक्षाओं का प्रतीक है

Ranchi News: झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र शुक्रवार, 1 अगस्त से शुरू हो गया है। सात अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच कार्यदिवस निर्धारित किए गए हैं। पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने एक भावनात्मक और प्रेरणादायक भाषण देकर सत्र

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi News: झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र शुक्रवार, 1 अगस्त से शुरू हो गया है। सात अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच कार्यदिवस निर्धारित किए गए हैं। पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने एक भावनात्मक और प्रेरणादायक भाषण देकर सत्र का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा, “यह सदन केवल बहस का मंच नहीं है, बल्कि जनता की आकांक्षाओं का प्रतीक है।”

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र की महान परंपरा में यह सदन आमजन की उम्मीदों और जरूरतों का संवाहक है। ऐसे में यहां विधेयकों पर गंभीर, सार्थक और रचनात्मक बहस होनी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मज़बूती मिले।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने मॉनसून सत्र के लिए सभापतियों के नामों की भी घोषणा की। इनमें स्टीफन मरांडी, सीपी सिंह, निरल पूर्ति, रामचंद्र सिंह और नीरा यादव को शामिल किया गया है।

इसके साथ ही कार्यमंत्रणा समिति की भी घोषणा की गई। इस समिति के अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो स्वयं होंगे, जबकि सदस्य के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सरयू राय, निरल पूर्ति और अरूप चटर्जी शामिल किए गए हैं।

विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में दीपक बिरूआ, मथुरा महतो, स्टीफन मरांडी, प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, बसंत सोरेन, नीरा यादव, कल्पना सोरेन मुर्मू, जयराम महतो सहित 13 विधायकों को नामित किया गया है।

हालांकि, कार्यमंत्रणा समिति की घोषणा के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है और समिति में विधायक दल के नेता को पदेन सदस्य बनाया जाना चाहिए था, न कि केवल आमंत्रित सदस्य। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी आपत्ति को संज्ञान में लेते हुए कहा कि वे इस विषय पर विचार करेंगे।

सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष ने वरिष्ठ नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने की जानकारी साझा की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कार्यवाही के अंत में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसके बाद सदन को 4 अगस्त, सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram