रांची: करम पूर्व संध्या आयोजन समिति की ओर से रविवार को न्यू बार भवन, रांची में जावा उठाने की रस्म पारंपरिक तरीके से पूरी की गई। यह आयोजन 21 सितंबर को होने वाली करम पूर्व संध्या की तैयारी के तहत किया गया।
निर्मल मुंडा के नेतृत्व में महिला अधिवक्ताओं ने नदी से बालू लाकर टोकरी में भरा। इसके बाद बालू में नौ प्रकार के अनाज बोए गए और विधि-विधान के साथ जावा उठाने की रस्म पूरी की गई।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष अधिवक्ता शामिल हुए। सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अनुष्ठान में हिस्सा लिया।
समिति के मीडिया प्रभारी डब्लू मुंडा ने बताया कि 21 सितंबर को आयोजित होने वाली करम पूर्व संध्या को लेकर अधिवक्ताओं में काफी उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियां लगातार की जा रही हैं।




