Jamshedpur: जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित ‘यूनिक कलेक्शन’ कपड़ा दुकान में रंगदारी के लिए की गई फायरिंग के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक इस घटना में शामिल मनीष सिंह गैंग के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मैरून रंग की वैगनआर कार, चार अवैध देसी पिस्तौल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा और छह एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस पूरे खुलासे की जानकारी बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिटी एसपी ललित मीणा ने दी।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। फिर 19 मई को शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नामों में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार उर्फ राहुल सिंह उर्फ बडकू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक और बानेश्वर नामता शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सभी ने मनीष सिंह गिरोह से जुड़े होने और फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस की जानकारी के मुताबिक आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। बानेश्वर नामता के खिलाफ चांडिल, चौका, आरआईटी, अड़सा और तिरुलडीह थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं अंकित सोनकर के खिलाफ बर्मामाइंस और टेल्को थाना में केस दर्ज हैं। राहुल उर्फ बडकू और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ गोलमुरी थाना में पहले से आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में डीएसपी तौकीर आलम, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां, सब-इंस्पेक्टर धनंजय कुमार सिंह, आलोक कुमार, संतोष कुमार यादव, विवेक कुमार पंडित, एएसआई दिलीप कुमार यादव, हवलदार वासुदेव महतो, गृह रक्षक चालक बिहारी कुमार मिश्रा और जवान सलमान अख्तर की अहम भूमिका रही।



