कोडरमा (झुमरीतिलैया): श्री दिगंबर जैन समाज की ओर से स्टेशन रोड स्थित निर्माणाधीन जैन मंदिर में नौ वेदियों के शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। जैन संत गुरुदेव 108 श्री सुयश सागर जी मुनीराज के सानिध्य और आशीर्वाद में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा पानी टंकी रोड स्थित नए जैन मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद ओवरब्रिज होते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरकर स्टेशन रोड स्थित बड़ा मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में फूलों, मालाओं और रोशनी से सजी नौ घोड़ों की बग्गी में पुण्यार्जक परिवारों को बैठाकर नगर भ्रमण कराया गया।
बैंड-बाजे और भक्ति से गूंजा शहर
शोभायात्रा में पंजाब लुधियाना आर्मी बैंड, मधुबन पारसनाथ छोटू बैंड, कोडरमा ताशा पार्टी और डीजे साउंड सहित कई बैंड शामिल हुए। पुरुष श्रद्धालु सफेद परिधान में नजर आए, जबकि महिलाओं ने रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर भगवान और गुरुदेव की भक्ति में जयघोष किया।
कोलकाता से आई चार सदस्यीय टीम ने श्रद्धालुओं को रंग-बिरंगे साफे बांधे। झांझरी गली चौराहे के पास बच्चों ने जैन संत मुनि श्री 108 सुयश सागर जी मुनीराज और श्री 108 कौशल सागर जी मुनीराज के चरण धोकर आशीर्वाद लिया।
नौ वेदियों में हवन और पूजन
बड़ा मंदिर परिसर में विश्व शांति मंत्र और हवन के साथ नौ वेदियों में पूजा-अर्चना की गई। पुण्यार्जक परिवारों और समाज के सदस्यों ने वेदियों में रजत और ताम्र पत्र चढ़ाए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर णमोकार मंत्र से गूंज उठा।
समाज के पंडित अभिषेक शास्त्री, प्रतिष्ठाचार्य और संजू भैया ने विधि-विधान के साथ मंत्रोच्चार कर हवन और पूजन कराया।
कई अतिथि हुए शामिल
कार्यक्रम में कोडरमा के डीडीसी रवि जैन, धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन और समाजसेवी विनोद जैन काला सहित कई लोग शामिल हुए और अपना संबोधन दिया।
मंदिर निर्माण कमेटी के संयोजक सुरेश जैन झांझरी और सुशील जैन छाबड़ा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए समाज के सभी सदस्यों का आभार जताया। समाज के मंत्री नरेंद्र जैन झांझरी ने स्वागत भाषण दिया।
कार्यक्रम में समाज के कई पदाधिकारी, महिला समाज की सदस्य, मंदिर निर्माण कमेटी के सहयोगी और चातुर्मास कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे।
रात में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
जैन समाज के मीडिया प्रभारी नवीन जैन और राजकुमार जैन अजमेरा ने बताया कि रात में मंदिर परिसर में णमोकार चालीसा और महिला मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें समाज के युवा और बच्चे हिस्सा लेंगे।
दिल्ली से आए सौरभ जैन के कलाकारों की ओर से महाआरती और कमठ का उपसर्ग नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद गायक सुबोध जैन गंगवाल ग्रुप के नेतृत्व में भजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
Read more : सऊदी अरब में बड़ा एक्शन: 14 हजार गिरफ्तार, 14,905 विदेशी डिपोर्ट




