Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” अभियान के तहत सोमवार को जिले के सात केंद्रों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिले को रक्तयुक्त बनाने और लोगों के बीच रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में कुल 235 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।

रक्तदान शिविर का आयोजन सदर अस्पताल चाईबासा, पुलिस लाइन चाईबासा, अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर तथा तांतनगर, झींकपानी, टोंटो और मंझारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया। सभी केंद्रों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।

पुलिस लाइन चाईबासा में आयोजित शिविर का उद्घाटन सिंहभूम पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार तथा सार्जेंट मेजर मंशु गोप उपस्थित थे। उद्घाटन के बाद अनुरंजन किस्पोट्टा ने स्वयं रक्तदान कर पुलिसकर्मियों और आम लोगों के बीच प्रेरणादायक संदेश दिया।

पुलिस लाइन में आयोजित शिविर में पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा चाईबासा, पुलिस परिवार और पुलिस कर्मियों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस केंद्र पर कुल 55 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के मंत्री ताराचंद महतो ने सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी और पूरी मेडिकल टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि रक्तदान और अंगदान ऐसे कार्य हैं जिनका कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने सभी सक्षम लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि “प्रोजेक्ट जागृति” के माध्यम से जिले को रक्तयुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का कार्य कर रहे हैं।

शिविर के दौरान रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया गया तथा उनके योगदान के सम्मान में प्रशस्ति पत्र और कॉफी मग प्रदान किए गए। जिला प्रशासन ने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, संस्थाओं और आम नागरिकों से रक्तदान अभियान से जुड़कर मानव सेवा के इस कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की है।

Share.
Exit mobile version