रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के डेंटल यूनिट में पिछले 4 महीने से स्टाइपेंड नहीं मिलने के विरोध में इंटर्न डॉक्टरों ने मंगलवार को करीब 3 घंटे के ‘पेन डाउन’ की घोषणा कर दी। नाराज इंटर्न डॉक्टर काम बंद कर हड़ताल पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए मरीजों की सेवाएं प्रभावित हुईं।
मामले की जानकारी मिलते ही रिम्स निदेशक ने हड़ताल कर रहे डॉक्टरों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि आज शाम तक उनका बकाया स्टाइपेंड जारी कर दिया जाएगा।
निदेशक के इस ठोस आश्वासन के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त कर काम पर लौटने का फैसला किया। हालांकि, डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक खाते में स्टाइपेंड की राशि आ नहीं जाती, तब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं माना जाएगा।




